चित्रांशनगर में बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन करते मोहल्लावासी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। चित्रांश नगर में ट्रांसफार्मर फुंकने से 20 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। डेढ़ हजार की आबादी में बिजली आपूर्ति बंद होने से त्राहि-त्राहि मची है। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं। लोगों के इन्वर्टर जवाब दे गए। जलापूर्ति बंद होने से लोगों को पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई है। गुस्साए लोगों ने सोमवार को सड़क पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ट्रांसफार्मर न बदलने पर जाम लगाने चेतावनी भी दी।
चित्रांशनगर में बिजली आपूर्ति के लिए 500 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। यह ट्रांसफार्मर रविवार की शाम फुंक गया। मोहल्लावासियों ने बिजली आने के इंतजार में पूरी रात घरों के बाहर और छतों में बिताई। सुबह ट्रांसफार्मर फुंका होने की लोगों को जानकारी हो पाई। प्रभावित लोगों ने ट्रांसफार्मर फुंकने की विभाग में शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पूरे 20 घंटे से आपूर्ति बंद होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। सोमवार की दोपहर मोहल्ले के लोगों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता है तो बांदा-सागर बाईपास मार्ग जाम किया जाएगा। अवर अभियंता आबूनगर नीलेश मिश्रा ने बताया कि जल्द ट्रांसफार्मर बदला जाएगा।