अल्लीपुर (फतेहपुर)। मलवां थाना क्षेत्र के दौलतपुर मजरे कुरुस्तीकलां गांव में बुधवार को ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने में किसान की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दौलतपुर गांव निवासी किसान राजेंद्र सिंह (50) खेत जुताई करने गांव के बाहर गए थे। घर लौटते समय गांव किनारे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर की खंती में पलट गया। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। ट्रैक्टर के नीचे दबे किसान को बाहर निकाला। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से पत्नी सविता देवी का हाल बेहाल हो गया। उनकी तीन बेटियां नेहा,पारुल, आरती और बेटे रावेंद्र और रवि हैं। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे में बनरसी मोड़ के पास ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राम विशाल और उनका पुत्र शेखर (26), पुत्री (19) संगीता निवासी बहुआ थाना ललौली गंभीर रूप से घायल हो गए। राम विशाल बेटी की शादी के लिए लड़का देखने फतेहपुर जा रहे थे। शाह चौकी प्रभारी प्रमोद मौर्या ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।