फतेहपुर। ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कलक्टरगंज बचपन प्ले स्कूल समेत छह जगहों पर छात्र-छात्राओं ने ताइक्वांडो का प्रशिक्षण लिया। यह 11 दिवसीय निशुल्क आयोजन ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर करा रहा है। इसमें लगभग 200 छात्र-छात्राएं निशुल्क आत्मरक्षा के गुर सीख रहे हैं।
शहर के कलक्टरगंज बचपन प्ले स्कूल, नप्पीहाता अमर मानसिंह पब्लिक स्कूल, रेलबाजार स्थित मां चंद्राणी इंटर कॉलेज, राधानगर तेज स्टेट, रस्तोगीगंज हनुमान मंदिर व आबूनगर राज ताइक्वांडो एकेडमी में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के तीसरे दिन अभ्यास सत्र में छात्र-छात्राओं ने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का अनुशासित और कठोर अभ्यास किया। प्रशिक्षण में उनका जोश व समर्पण देखते ही बना। इस अवसर पर अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने बताया कि हुनर जीवन को सुशोभित करता है और किसी विषय का ज्ञान आपको अलंकृत करता है। इस मौके पर सचिव राजकुमार, प्रशिक्षक भारत वर्मा, रिया राजपूत, मनीषा राजपूत व शिव कुमार के साथ-साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित मौजूद रहे।