असोथर। जिले के ब्लॉक क्षेत्र स्थित जरौली ग्राम सभा के मजरे देईमऊ में संचालित गोशाला में गोवंशों की हालत बेहद दयनीय हो गई है। हरे चारे और दाने के अभाव में उन्हें केवल सूखा भूसा ही खिलाया जा रहा है। इससे कई गायें बीमार हो गई हैं। कुछ की मौत भी हो चुकी है।
गोशाला में वर्तमान में 82 गोवंश हैं। इनकी देखभाल के लिए पांच मजदूर तैनात हैं। व्यवस्थाओं का हाल यह है कि एक मृत गोवंश एक सप्ताह से ज्यादा समय से गोशाला परिसर में सड़ रहा है, जिसे कुत्ते नोच रहे हैं। दुर्गंध इतनी फैल गई है कि आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
गोसंरक्षक नरेंद्र ने बताया कि मृत गाय की सूचना तीन दिन पहले प्रधान प्रतिनिधि रामलखन को दी गई थी, लेकिन अभी तक उसका निस्तारण नहीं कराया गया। ग्राम पंचायत अधिकारी वीरेंद्र कुमार निषाद ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है।