फतेहपुर। अदालत के आदेश पर पुलिस ने ललौली के ग्राम प्रधान मोहम्मद शमीम के खिलाफ छह करोड़ रुपये के घोटाले में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रधान ने विकास कार्यों में गड़बड़ी की है। मामले की शिकायत ग्राम पंचायत के एक सदस्य ने पहले पुलिस में की थी। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर कोर्ट की शरण ली थी।
असोथर ब्लाॅक की ललौली ग्राम पंचायत के सदस्य मेहंदी हसन का आरोप है कि ग्राम प्रधान मोहम्मद शमीम ने सत्र 2021-22 से लेकर 2024-25 के बीच ग्रामसभा में कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी की है। मेहंदी का आरोप है कि इन सत्रों में पांच करोड़ 90 लाख रुपये का प्रधान ने घोटाला किया है।
पुलिस में की गई शिकायत में मेहंदी ने आरोप लगाया है कि वर्तमान सत्र में प्रधान ने सीसी रोड निर्माण के लिए दो लाख 89 हजार 87 रुपये, रफीक के खेत के पास से नाली के निर्माण में 86 हजार 536 काम के एवज में दो लाख 50 हजार 348 का भुगतान कराया। बड़ा कुआं से जबर के घर तक इंटरलॉकिंग का दो लाख 46 हजार 912, जल्लू के घर से मस्जिद तक के निर्माण में एक लाख 12 हजार 618, सफी के घर से बक्सी कब्रिस्तान तक इंटरलॉकिंग में दो लाख 49 हजार 489 का भुगतान फर्जी तरीके से कराया है।
इसी तरह मदरसा से गनी के प्लाट तक तीन लाख 22 हजार 845, सीसी रोड निर्माण में 89 हजार 470, गुलजार के घर से अकरम के घर तक गली निर्माण में एक लाख 90 हजार, मेन रोड से पंचायत भवन तक इंटरलॉकिंग कार्य में तीन लाख 11 हजार का भुगतान फर्जी तरीके से कराया है।
सीओ होरीलाल सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान पर मुकदमा दर्ज किया गया। संबंधित विभागों से साक्ष्य संकलन करके जांच की जाएगी। वहीं, थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।