फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशेबाज कार चालक ने टीचर को कुचला, मौत

Fri, 05 Aug 2016 12:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
विज्ञापन
मृतक कृष्ण औतार (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नशे में धुत होकर कार चला रहे युवक ने टीचर को रौंद डाला। इससे उनकी मौत हो गई। भागने के चक्कर में फुटपाथ पर चढ़ी कार कई गुमटियों को तोड़ते हुए ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी।
विज्ञापन


इससे कार चालक भी बुरी तरह घायल हो गया। उसे सदर अस्पताल से रेफर किए जाने पर कानपुर के मधुराज नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है। उसके साथ के दो लड़के भी मामूली रूप से घायल हुए, जो सदर अस्पताल में मरहम पट्टी के दौरान खिसक लिए।


हादसे में जान गंवाने वाले टीचर कृष्ण औतार मूलरूप से हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गौराकलां गांव के निवासी थे। वह परिवार के साथ पक्का तालाब रामगंज में रहते थे। एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थे। बचे समय में सुबह-शाम ट्यूशन पढ़ाने जाते थे। बुधवार रात रात साढ़े दस बजे ट्यूशन पढ़ाकर जीटी रोड से पैदल घर लौट रहे थे। बाकरगंज पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बेलदरइया मोड़ पर सामने से आई बेकाबू आई-20 कार ने उन्हें कुचल दिया। कार चला रहा नीरज गुप्ता एसडीएम सदर के यहां तैनात लिपिक राम किशोर गुप्ता का बेटा है।
विज्ञापन



टीचर को रौंदने के बाद कार रोड से दो फीट ऊंचे फुटपाथ पर चढ़ गई और किनारे रखी तीन गुमटियां तोड़ते हुई ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। इस पर चालक ने बैक गियर लगाकर भागने की कोशिश की तो कार का पिछला पहिया नाले की दीवार में फंस गया। इस बीच चौकी के सिपाही आ गए। उन्होंने शिक्षक और कार में फंसे घायलों को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। नीरज का कानपुर के मधुराज नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा है।


नीरज के दो साथी अस्पताल से खिसक गए। सिविल लाइंस निवासी नीरज के पिता राम किशोर कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के महामंत्री भी हैं। चौकी इंचार्ज सलीम सिद्दीकी ने बताया कि फिलहाल टीचर की पत्नी दीपशिखा की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच के बाद नामजद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट में कार चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें