खागा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार भोर करीब पांच बजे 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में जा रही कार डंपर में पीछे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार सवार दंपती व दामाद, कार चालक की मौत हो गई। बहू व पौत्र घायल हुए। हादसे में धमाके जैसी आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक चालक को झपकी आने से हादसा खड़े डंपर में टकराने से हुआ। हादसे के बाद डंपर मौके से चला गया। पुलिस चलते डंपर में कार पीछे से टकराना मान रही है।
झांसी जिला दीनदयालनगर निवासी रामकुमार भार्गव (70) के पुत्र आदित्य मप्र के ओंकारेश्वर उज्जैन में 12 अप्रैल की शाम स्नान करते हुए डूब गए थे। उनका 16 अप्रैल को शव मिला था। अंतिम संस्कार के बाद झांसी से शुक्रवार रात करीब 10 बजे रामकुमार भार्गव, पत्नी कमलेश भार्गव (65), दामाद पराग चौबे (40), झांसी गुरूसरायं निवासी कार चालक शिवम यादव (35), आदित्य की पत्नी चारू (32) व बड़े पुत्र शैलेंद्र के पुत्र काश्विक (12) के साथ अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहे थे। कार सवार खागा कोतवाली क्षेत्र के सुजानीपुर चौराहा हनुमान मंदिर के सामने पहुंचे। मंदिर के सामने हाईवे किनारे डंपर में पीछे से तेज रफ्तार कार टकरा गई। कार के परचखच्चे उड़ गए।
आसपास के लोगों ने पुलिव व एंबुलेंस बुलाई। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे रामकुमार भार्गव, कमलेश भार्गव, पराग चौबे और चालक शिवम यादव को बाहर निकाला जा सका। तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। बेहोशी की हालत में घायल चारू व काश्विक को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद डंपर लेकर चालक भाग निकला। कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार में चल रही थी। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हादसा चलते ट्रक में कार टकराने से हुआ है। चालक को झपकी आई होगी, जिससे गाड़ी अंनियंत्रित हो गई होगी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।