कल्यानपुर क्षेत्र के गांव दूधी कगार में अग्निपीड़ित खेतों व खलिहान में डेरा डाले हैं। पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक ने अफसरों के साथ रात में गांव में डेरा डाला और मदद मुहैया कराई। पूर्व सांसद राकेश सचान ने भी पीड़ितों को राहत चेक मुहैया कराए।
बता देें कि शुक्रवार की दोपहर आग से 27 घर जल गए थे। आग से अर्जुन, कुंवर बहादुर, पत्तर, मदनलाल, मोहनलाल, सूरजदीन, होरीलाल, मोतीलाल, फुद्दी, राम प्रसाद, केशन, भिखारी, लवकेश, ऊषा, आशा, गोरेलाल, भजन, रामचंद्र, बदलू, जगतपाल, सुमन, धर्मेंद्र, रूकमीना, जनक दुलारी, तेजा आदि को काफी नुकसान हुआ है।
नगदी, जेवर, बिस्तर, कपड़े, राशन सब जल गए। कई अग्निपीड़ित परिवारों के पास तन के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा था। जिससे दाने-दाने को मोहताज पीड़ितों ने खेतों में डेरा डाल रखा है। पूर्वमंत्री व सपा नेता अमरजीत सिंह जनसेवक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रात में डेरा डाला और पूड़ी-सब्जी का इंतजाम कराने के साथ ही देर रात तक जांच कराकर पीड़ितों को चेक बंटवाया।
दूधी कगार में दो दर्जन से अधिक पीड़ितों को शनिवार को सपा के पूर्व सांसद राकेश सचान की मौजूदगी में तहसीलदार लाल सिंह यादव ने दो लाख 20 हजार की चेक बांटी। उन्हाेंने कहा इसके पहले सभी पीड़ित परिवारों को 15 किलो गेहूं, आठ किलो चावल दिया गया। पूर्व सांसद ने आश्वासन दिया कि अगिभनपीड़ितों की मुख्यमंत्री कोष से भी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अग्निपीड़ितों व ग्रामीणों की मांग पर गांव में नौ हैंडपंपों में सात खराब होने पर पूर्वमंत्री व पूर्व सांसद दोनों ने नाराजगी जताई। डीएम से वार्ता कर सभी हैंडपंपों को शीघ्र ठीक कराने का भरोसा दिया।