अल्लीपुर। मलवां थाना क्षेत्र के हाईवे पर तेल के काले कारोबार का पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को भांडाफोड़ किया है।
पुलिस टीम को मौके पर करीब 3 हजार लीटर डीजल और पेट्रोल बरामद हुआ है। तेल चुराने के उपकरण भी मिले हैं। मामले में एसपी ने पुलिस कर्मियों की संलिप्तता मानते हुए ाना प्रभारी समेत कई कर्मियों पर जांच बैठाई है।
थाना क्षेत्र हाईवे के कोराईं मोड़ पर गांव निवासी अभय सिंह का नलकूप है। नलकूप से हाईवे निर्माण कंपनी के टैंकर पानी लेते थे।
करीब एक साल से कंपनी में पानी की सप्लाई बंद थी। काली पालीथीन की झोपड़ी नलकूप में बनी है। पुलिस अधीक्षक सतपाल आंतिल, सीडीओ महेंद्र कुमार, एसडीएम सदर प्रमोद झा गुरुवार को बिंदकी से लौट रहे थे।
एसपी ने झोपड़ी के पास तेल टैंकर को खड़ा देखकर छापामारी की। एसपी को देख कर मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने मौके से टैंकर चालक संदीप पाल और खलासी शुभम पाल निवासी चरवा कौशांबी, धर्म सिंह निवासी दौलतियापुर थाना ललौली, महेंद्र निवासी सत्तेपुर कुरुस्ती थाना मलवां और नलकूप मालिक अभय सिंह को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि वहां टैंकर से डीजल और पेट्रोल झोपड़ी में जाता है। झोपड़ी से 10 ड्रम पेट्रोल और डीजल भरे बरामद हुए। पूरे रैकेट का संचालन अभय सिंह करता है।
धर्म सिंह टैंकर रोकने का काम करता है। तेल चुराने में महेंद्र उसका सहयोग करता है। मौके पर सीओ सिटी संजय सिंह और मलवां थाना प्रभारी शेर सिंह राजपूत, कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव भी पहुंचे। देर शाम जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी सिंह पहुंचे।
पूर्ति निरीक्षक की ओर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
एसपी ने बताया कि मामले में थाना प्रभारी, हल्का प्रभारी राजेंद्र यादव, बीट सिपाही राम नारायण और प्वाइंट पीआरवी कर्मियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच बैठाई गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांटे के फर्क की छूट का फायदा उठा रहे टैंकर चालक
जिले के हाईवे पर कई जगहों में तेल का खेल होता है। दरअसल टैंकर चालकों को लोडिंग और अनलोडिंग के बीच कांटे का फर्क होता है।
इस अंतर में वजन में करीब 50 किलो की छूट होती है। इसी छूट का फायदा उठाकर टैंकर चालक 50 से 100 लीटर तक तेल बेचते हैं।
हाईवे पर इस तरह से तेल चोरी का खेल कोई नया नहीं है। औंग से लेकर खागा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे तक करीब 10-15 स्थानों पर यह कारोबार होता है।
घटनास्थल पर रहती पुलिस की मौजूदगी
कोराई मोड़ पर अक्सर जाम के हालात बनते हैं। ऐसे में यहां पुलिस की पिकेट ड्यूटी प्वाइंट और पीआरवी का भी प्वाइंट है।
फोर्स की लगातार मौजूदगी के बावजूद तेल चोरी का कारोबार खुलेआम किया जा रहा था। इस वजह से थाने और पीआरवी का फोर्स पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हाइवे में डीजल चोर गिरोह से पूछताछ करती पुलिस- फोटो : FATEHPUR