चोरों के लिए कहीं भी सेंध लगाना आसान है। तहसील परिसर में चोरों ने एसडीएम के अर्दली व एक अन्य कर्मचारी को निशाना बनाया। एसडीएम व सीओ के बंगले के सामने कर्मचारियों के घरों के ताले तोड़कर नगदी, जेवरातों, कपड़ों सहित लाखों रुपये का माल पार कर दिया।
जबकि दूसरे के घर से साइकिल ही चोरों के हाथ लग सकी। सुबह घटना की सूचना आग की तरह नगर में फैल गई।
गुरुवार की रात चोरों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एसडीएम के अर्दली रमेश व बीर बहादुर के घरों को निशाना बनाया। रमेश
अपने परिवार के साथ पैतृक गांव थाना मलवां क्षेत्र के सौंरा गया था। एसडीएम व सीओ के सामने तहसील परिसर में इनके आवास का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारियों, बक्सों के ताले तोड़ डाले। उन्हें खंगाल कर 16 हजार रुपये
नगदी, एक लाख से अधिक रुपये के सोने, चांदी के जेवरात, कपड़े आदि गृहस्थी का सामान पार कर दिया। खाली बक्से को ले जाकर खेतों में डाल दिया, जिसे भीड़ ने देखा। पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस पहुंची तो खाली बक्सा भी खेतों से
गायब था। उधर अर्दली बीर बहादुर के घर का भी ताला तोड़ डाला। यहां से मात्र साइकिल ही पार कर सके । कोतवाल केके यादव ने घटना स्थल का जायजा लिया। उन्हाेंने आशंका जताई कि किसी नजदीकी का ही हाथ है। पता लगाकर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।