बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में आए राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने कहा कि बहन मायावती ने अयाह शाह के सिटिंग विधायक अयोध्या प्रसाद पाल और खागा के पूर्व विधायक मुरलीधर गौतम को कई बार विधायक व मंत्री भी बनाया पर ये बसपा कार्यकर्ताओं से ही छल करने लगे और उनकी बात सुनने की बजाय अपना हित साधने लगे।
असोथर व गाजीपुर के बीच जागेश्वर धाम के मैदान में राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज व मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं की भीड़ देख कर उत्साह जाहिर किया। राष्ट्रीय महासचिव सरोज ने कहा कि पार्टी में आपसी गुटबाजी को बढ़ावा देने का काम किया। पार्टी कार्यकर्ताओं से छल कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यही हरकत इन दोनों को प्रत्याशिता से बाहर का रास्ता दिखाने वाली साबित हुई। मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं की भीड़ देख कर उत्साह जाहिर किया। कहा कि यह उत्साह चुनाव तक संभाल कर रखें। जिले की आधी सीटों पर पार्टी के विधायक हैं। आपमें सभी सीटों को बसपा की झोली में डालने की कुव्वत है।
इस दौरान जोनल कोआर्डिनेटर अमरेंद्र बहादुर भारती, टिकेश गौतम, मंडल कोआर्डिनेटर अवधेश गौतम, बिंदकी विधायक सुखदेव प्रसाद पाल, हुसैनगंज विधायक मोहम्मद आसिफ, खागा प्रत्याशी सुनील कुमार गौतम, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह सचान, सदर प्रत्याशी समीर त्रिवेदी, शमीम अहमद, रमेश चंद्र , महेश मिश्रा, कामता, इंद्रसेन, सुभाष चंद्र राजपूत मौजूद रहे।
भोले पाल को अयाह शाह से बसपा का टिकटः अयाह शाह विधानसभा के सिटिंग विधायक व पूर्व मंत्री अयोध्या प्रसाद पाल का पत्ता साफ हो गया। बसपा सुप्रीमो ने इनका टिकट काटकर देव कुमार उर्फ भोले पाल के नाम की घोषणा करा दी। जिले के कार्यकर्ता सम्मेलन में आए राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने मंच से यह एलान किया।
बता दें कि अमर उजाला ने रविवार के ही अंक में इस नाम का लगभग खुलासा कर दिया था। दोनों की पार्टी विरोधी क्रियाकलाप के कारण अब अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र से देव कुमार उर्फ भोले पाल और खागा विधानसभा क्षेत्र से सुनील कुमार गौतम को टिकट दिया गया है।