फतेहपुर। रेलवे स्टेशन में चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने मंगलवार को कछुआ तस्कर जीजा साले को गिरफ्तार किया। उनके पास छह बैंगों में भरे 148 कछुआ बरामद किए । रेलवे पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कछुओें की कीमत करीब 40 लाख रुपये के आसपास है।
आरपीएफ कमांडेंट राजिन्दर कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर जिले के हनुमागनंज थानांतर्गत महेसुवा गांव निवासी उमेश कंजड़ अपने नाबालिग साले के साथ मंगलवार शाम करीब चार बजे स्टेशन पहुंचा। उसके पास कुछ बोरे और बैग थे। संदिग्ध प्रतीत होने पर तलाशी ली गई। चेकिंग में तीन बोरे और तीन बैग से 148 कछुआ बरामद हुए। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उमेश ने बताया कि दोनों को पश्चिम बंगाल जाना था। वह सुल्तानपुर से रोडवेज में कछुआ लेकर बसअड्डे पहुंचे। बसअड्डे से ई रिक्शे से स्टेशन पहुंच ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। आरपीएफ कमांडेंट के मुताबिक इन कछुओं की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 40 लाख रुपये के आसपास है। तस्करी की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वन विभाग की टीम भी स्टेशन पर जांच करने पहुंची है।