बसपा प्रत्याशी एवं एमएलसी अशोक कटियार के घर में
एक-दो नहीं पूरे आठ असलहेे हैं। वह और उनकी पत्नी विनोदिनी तीन-तीन असलहों
के मालिक हैं। बेटा भी दो असलहों का मालिक है। यह दीगर है कि उन पर एक भी
मुकदमा दर्ज नहीं है। अशोक कटियार के पास करोड़ों रुपये कीमत के तीन बंगले
हैं। इनमें दो बंगले कानपुर व एक बंगला नोएडा में है। घर में सोना-चांदी के
साथ आभूषणों की फेहरिस्त में डायमंड भी शामिल है।
बसपा प्रत्याशी एवं
निवर्तमान एमएलसी अशोक कटियार अकूत संपत्ति के मालिक हैं तो रौब में भी
किसी से कम नहीं है। घर में नकदी की बात की जाए तो उनके पास 5,40,360
रुपये, पत्नी विनोदनी के पास 3,10,520 रुपये व पुत्र वरुण के पास 3,07,590
रुपये नकद है। उन्होंने एक प्राइवेट कंपनी में 20 लाख 1 हजार 895 रुपये का
निवेश कर रखा है।
वर्ष 2014 में भरे गए आयकर में निवर्तमान एमएलसी ने
24,99,584 रुपये, पत्नी 36,08,670 रुपये और पुत्र के नाम 82,75,887 रुपये
का रिटर्न दाखिल किया गया है। एमएलसी के नाम एक रिवाल्वर, एक राइफल व एक
डबल बैरेल है। पत्नी के नाम भी एक रिवाल्वर, एक राइफल व एक सिंगल बैरेल है।
बेटे के नाम एक रिवाल्वर व एक राइफल है।
5 करोड़ 25 लाख व एक करोड़ 70 लाख
का रिहाइशी ठिकाना कानपुर में बनाने वाले निवर्तमान एमएलसी ने 13 करोड़
रुपये का एक बंगला पत्नी के नाम नोएडा में बनवा रखा है।
कृषि के क्षेत्र
में कई स्थानों पर करोड़ों रुपये की जमीन रखने वाले अशोक कटियार के नाम
923.54 ग्राम सोना व तीन किलो चांदी के साथ 60.170 ग्राम डायमंड का एक
आभूषण भी है। पत्नी के पास 4 लाख 98 हजार 930 रुपये का सोना व डेढ़ लाख
रुपये कीमत के चांदी के आभूषण हैं।
बेटे के पास 4 लाख 25 हजार 800 रुपये की
कीमत का सोना है। यह दीगर है कि अकूत संपत्ति के मालिक के पास एक भी वाहन
नहीं है। बेटा जरूर 5 लाख 56 हजार रुपये कीमत के वाहन में सवारी करता है।
सपा प्रत्याशी दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव के सामने दावा करने उतरे सपा के
पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पार्टी से निलंबित राम शरण यादव के पास अचल संपत्ति
नहीं है।
निर्दलीय प्रत्याशी के पास पांच लाख रुपये नकद और पत्नी के पास 10
हजार रुपये की नकदी है। साढ़े तीन लाख रुपया बैंक में है। जेवरातों की बात
करें तो घर में 100 ग्राम सोना व एक किलो चांदी है। एक लाख 20 हजार रुपये
का एक बीमा है। उनके पास एक बोलेरो है। आपराधिक इतिहास में एक मामला सदर
कोतवाली में मारपीट का दर्ज है, जो सीजीएम कोर्ट में विचाराधीन है।