हुसैनगंज। साथियों संग गंगा स्नान करते समय आठ दिन पूर्व नदी में डूबे छात्र का सोमवार को शव उतराने पर पुलिस ने बाहर निकाला है। परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। युवक के माता-पिता की पहले मौत हो चुकी है।
सदर कोतवाली के मसवानी निबहारा निवासी स्व. रामनिहोर का पुत्र अभिषेक दिवाकर (20) अपने साथियों नितिन और राज के साथ छह जून को हाजीपुर गंग घाट में नहाते समय डूब गया था। साथियों को ग्रामीण गोताखोरों ने बचा लिया था। गहराई में चले जाने से अभिषेक डूबा था। स्थानीय गोताखोर व लखनऊ एसडीआरएफ तीन दिन तक छात्र की नदी में तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। भिटौरा बलखंडी घाट के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे शाम को युवक का शव उतराने की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने परिजनों की पहचान के बाद शव अभिषेक का होने की पुष्टि की। भिटौरा चौकी इंचार्ज बृजेश यादव ने बताया कि शव काफी खराब हो चुका है। अंडरवियर से युवक की पहचान की गई है।