फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा के कक्षनिरीक्षकों की नियुक्त प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विभाग ने जिले के सभी 403 माध्यमिक स्कूलों से शिक्षकों का संशोधित डाटा मांगा है। इसके लिए 20 फरवरी तक विभाग की वेबसाइट खुली रहेगी।
बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण होने के बाद विभाग ने कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की है। विभाग की वेबसाइट में अपलोड शिक्षक और कर्मचारियों के डाटा संशोधन के लिए विभाग ने 20 फरवरी रात 12 बजे तक के लिए वेबसाइट खोला है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य वेबसाइड में अपलोड डाटा में संशोधन कर सकते हैं। अगर किसी विद्यालय में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में किसी भी तरह का कोई बदलाव हुआ है, तो वह तय तिथि के अंदर संशोधित कर सकते हैं
। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इसके लिए सभी जोन प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों के संशोधित डाटा 20 फरवरी तक अपलोड कराएं। 25 फरवरी को अपलोड डाटा सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजे जाएंगे। इसके बाद किसी तरह का कोई संशोधन नहीं होगा। गलत डाटा अपलोड करने वाले प्रधानाचार्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।