फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 जनवरी तक राजकीय इंटर कालेज में स्थापित कर कंट्रोल रूम सभी 109 परीक्षा केंद्रों से ऑनलाइन जोड़ दिया जाएगा। मंगलवार को डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बोर्ड परीक्षा 2020 की आनलाइन मॉनीटरिंग के लिए राजकीय इंटर कालेज के कंप्यूटर लैब में हाईटैक कंट्रोलरूम स्थापित करने का काम प्रारंभ हो गया है। लैब में 15 कंप्यूटर लगाने का काम चल रहा है। हाईनेटवर्क के लिए फोरजी राउटर लगाया जाना है। प्रत्येक कंप्यूटर में एक आपरेटर होगा। एक कंप्यूटर से सात से आठ परीक्षा केंद्र जुड़े रहेंगे। आपरेटर बारी-बारी से किसी भी परीक्षा केंद्र की गतिविधियों की निगरानी करेगा। जरूरत पडने पर सचलदलों को संबंधित केंद्र की गतिविधियों की रिपोर्ट देगा, जिससे समय से छापेमारी कर गलत गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
डीआईओएस ने राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य उदय प्रभात के साथ कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया। कहा कि हर हालत में कंट्रोलरूम 14 जनवरी तक सुसज्जित कर लिया जाए और 15 जनवरी को सभी केंद्रों की बोर्ड परीक्षा से संबंधित तैयारियों का आनलाइन निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को तय तिथि को केंद्र के सभी परीक्षा कक्षों को आनलाइन जोडने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए