हुसैनगंज (फतेहपुर)। बीजेपी नेता व भिटौरा ब्लॉक प्रमुख के बड़े भाई के सीने पर राइफल तानकर कुछ लोगों ने 35 लाख की रंगदारी मांगकर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है। पक्षों के बीच पुरानी खुन्नस चली आ रही है।
थाना क्षेत्र के मिर्जापुर भिटारी गांव के संतोष तिवारी बीजेपी नेता हैं। इनके छोटे भाई अमित तिवारी भिटौरा ब्लॉक प्रमुख हैं। लखनऊ में संतोष तिवारी प्रापर्टी कारोबारी व कौशांबी व जिले में मौरंग व बालू के सरकारी पट्टे भी हैं। संतोष ने पुलिस से शिकायत में बताया कि वह 11 जनवरी को गांव से शहर जा रहे थे। लालीपुर गांव के सामने जमरावां गांव के अंशू सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह अपने चार साथियों के साथ आए और उन्हें रोकने के बाद सीने में राइफल तानकर 35 लाख की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर जान से मारने और भाई को ब्लॉक प्रमुखी न करने देने की धमकी दी। अंशू सिंह बोला कि पूर्व में उसके खिलाफ दर्ज कराई रंगदारी की रिपोर्ट में उसका आठ लाख रुपये खर्च हुआ है। उस समय 20 लाख रुपये मांगे थे। अब 35 लाख देने होंगे। वह किसी तरह मौके से जान बचाकर भागे। घटना से परिवार भयभीत है।
11 अक्तूबर 2022 को अंशू सिंह समेत तीन के खिलाफ 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप संतोष तिवारी ने लगाया था। पुलिस में मामला दर्ज कर जांच में रंगदारी की धारा हटाकर मारपीट व गाली गलौज का आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया था। उधर, अंशू सिंह ने बताया कि वह लखनऊ की एक फर्म में नौकरी करता है, वहीं संतोष भी काम करते हैं। फर्म में काम के दौरान पुरानी खुन्नस में मामला दर्ज कराया गया है। आरोप निराधार है। घटना के दिन उन्होंने संतोष तिवारी का काफिला देखा था। उन्हें देखकर वह मौके से चला गया था। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों पर रंगदारी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।