फोटो 29- स्कूल के बाहर बच्चे के साथ बबिता व अन्य लोग
स्कूल से बच्चे को घर लेकर जा रही थी, विरोध पर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फतेहपुर। बाइक सवार बदमाश बुधवार दोपहर एक महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग निकले। विरोध पर महिला को तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के 50 नंबर ओवरब्रिज के पास रहने वाली बबिता दोपहर को कुछ दूर स्थित सीपीएस स्कूल से बच्चे को लेकर घर लौट रही थीं। महिला नजदीक के एक मैरिज हॉल के पास पहुंची तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला को रोका। महिला के मुताबिक बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गले में झपट्टा मारकर चेन लूट ली। उसने शोर मचाकर विरोध करने की कोशिश की।
एक बदमाश ने तमंचा दिखाकर गोली मार देने की धमकी दी। वह दहशत में आ गई। बदमाशों के भागने के बाद महिला शोर मचाते स्कूल पहुंची। जहां आसपास के लोग एकत्र हो गए। यूपी 112 नंबर पर सूचना दी गई। कोतवाल हेमंत मिश्रा, कचहरी चौकी इंचार्ज अनमोल सिंह समेत भारी पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने महिला के बयान लेकर संदिग्धों की धरपकड़ का प्रयास शुरू किया है। कोतवाल ने बताया कि सीसी फुटेज चेक कर घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।