थरियांव। कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोस्तों की मौत हो गई। इससे परिवार समेत गांव में मातम का माहौल छाया रहा।
थरियांव थाना क्षेत्र के दिहुली गांव निवासी मिश्रीलाल लोधी का पुत्र दुर्गेश लोधी (18) अपने दोस्त अंकुश (17) पुत्र ओमप्रकाश पासवान के साथ शाम थरियांव कस्बे घरेलू सामान लेने गया था। कस्बे से अपने घर रात करीब साढ़े -नौ बजे लौट रहा था। कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसा देख आसपास के ग्रामीण पहुंचे। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने दुर्गेश लोधी को मृत घोषित कर दिया और अंकुश पासवान की हालत को गंभीर देख कानपुर हैलट रेफर किया। कानपुर ले जाते समय अंकुश पासवान की भी सांसे थम गई। दुर्गेश की मौत की खबर से मां चंपा देवी, बहन सुमिरन, अनामिका, सोनामिका व अंकुश की मौत से मां आशा देवी, भाई पंकज, अंकित, बहन सोनम, नैंसी का हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि ट्रैक्टर पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जाएगी।