खखरेरू। थाना क्षेत्र में दरियापुर पुल के पास बुधवार दोपहर बाइक सवार बदमाश वृद्ध महिला की नाक से नथ लूटकर भाग गए। छीना-झपटी के दौरान बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर निवासी अजमत अली की पत्नी बरकतुननिशां दोपहर को पैदल खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा रुपये निकालने जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला को रोक लिया।
भैंस खरीदने का बहाना बनाकर बदमाश महिला से बातचीत करने लगे। महिला के मुताबिक इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने उनकी नाक से नथ झपट लिया। महिला की नाक से खून बहने लगा। उन्होंने बताया कि नथ करीब तीन ग्राम सोने की है। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।