फतेहपुर। हरिहरगंज रेलवे ओवरब्रिज पर पैदल जा रही महिला को बाइक सवारों ने टक्कर मारकर गिरा दिया और गले से मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
राधानगर थाना क्षेत्र के केवई गांव निवासी सोनू मिश्रा की पत्नी सीमा मिश्रा सैय्यदबाबा चौराहा पर रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम बहन रेखा मिश्रा के घर मेवली से लौट रही थीं। सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज रेलवे ओवरब्रिज पर पैदल जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरते ही बाइक सवार रुके और उन्हें उठाने लगे। इसी दौरान महिला ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों युवक गले से मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।