फतेहपुर। निमंत्रण में शामिल होने जा रहे बाइक सवार को शनिवार रात तेज रफ्तार ऑटो चालक ने टक्कर मार दी। सीएचसी में बाइक सवार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सहजराम का पुरवा गांव निवासी सुभाष (30) बाइक से मौसी के गांव निमंत्रण में जा रहा था। सरायं गांव के पास गलत दिशा से तेज रफ्तार में जा रहे ऑटो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रोड पर गिरकर गंभीर घायल हो गया।
परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बाइक सवार के पिता जुगराज की सूचना पर ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।