खखरेरू। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को ट्रैक्टर ने सोमवार शाम टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई। उसके फुफेरे और चचेरे भाई घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना क्षेत्र के रक्षपाल गांव निवासी शनि (18) पुत्र श्यामू सोमवार शाम को बाइक से हरदो गांव निवासी फुफेरे भाई विकास और चचेरे भाई दुर्गेश के साथ जहांगीर नगर निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। भदौहां मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में शनि की मौके पर मौत हो गई। दुर्गेश और विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
सड़क हादसे में दंपती समेत तीन घायल
दो अलग-अलग स्थानों में सड़क हादसे में दंपती समेत तीन लोग सोमवार को घायल हो गए। बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के शब्दा गांव निवासी रामनरायन (50) पत्नी मिथला देवी (50) के साथ बाइक में शहर में रिश्तेदारी में आ रहा था। रास्ते में ललौली थाना क्षेत्र के कोर्राकनक के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टर ने दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। उधर थरियांव थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी राधे लाल की (65) वर्षीय पत्नी विद्यावती बिंदकी ई-रिक्शा में गांव लौट रहीं थीं। राधानगर थाने के पास ई-रिक्शा पलटने से वह घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया।
फाइल फोटो-32-शनि। स्रोत परिजन