शहर के अशोक नगर इलाके में सोमवार रात करीब दो बजे एटीएम तोड़कर रुपये चुराने की कोशिश की गई। आरोपी पुलिस कर्मियों से भिड़ने के बाद भाग निकला। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
अशोक नगर में इंडीकैश कंपनी का एटीएम बूथ है। बूथ में रात दो बजे एक चोर छेनी, सबरी, हथौड़ा लेकर पहुंचा। चेहरे पर अंगौछा लपेट कर वह एटीएम में घुसा। वह मशीन को तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पिकेट ड्यूटी वाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी औजार छोड़कर भाग निकला। पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी और पुलिस कर्मियों के बीच हाथापाई हुई। इसमें पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें आईं।
करीब बीस दिन पहले विद्यार्थी चौराहे पर स्थित बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास हुआ था। उससे पहले पटेल नगर के एटीएम में घटना हो चुकी है। पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। उधर, कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से एटीएम में चोरी होने की घटना बची है।