फतेहपुर। जिले में किसानों के नलकूपों कटौती रहित 10 घंटे आपूर्ति देने के लिए 151 कृषि फीडरों का निर्माण कार्य 2022 से चल रहा था। इसमें 80 कृषि फीडरों में बिजली आपूर्ति देकर फीडर शुरू करा दिए गए हैं। जनपद में रीवैंप योजना के तहत 265 करोड़ के बजट से नए पोल, जर्जर तार व किसानों के लिए 151 कृषि फीडर बनाने का काम 2022 से चल रहा है।
तीनों तहसीलों के किसानों के हित को देखते हुए 80 कृषि फीडरों में आपूर्ति शुरू करा दी गई है। इन फीडरों से किसानों को दस घंटे कटौती रहित बिजली मिलने लगी है। कार्यदायी संस्था लूमिनों को कृषि फीडर बनाने के लिए 68 हजार पोल, 3360 किमी. तार का का आवंटन किया गया है। कार्यदायी संस्था के मैनेजर अभिषेक तिवारी ने बताया कि जिले के 107 कृषि फीडर शुरू करा दिए गए हैं। अभी 80 फीडरों में आपूर्ति पहुंच गई है। बचे 27 फीडरों में लोड देने का काम चल रहा है। जल्द 27 फीडरों को भी आपूर्ति देकर शुरु करा दिया जाएगा। सबसे ज्यादा कृषि फीडर खागा में 59, बिंदकी में 51 और सदर में 41 बनाए गए हैं।