फतेहपुर। भाजपा के पूर्व विधायक करन सिंह पटेल की पत्नी शशि सिंह की चेन लूटने के मामले में 49 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद एसओजी टीम भिटौरा बाईपास तक पहुंच सकी है।
लूट के बाद बाइकर्स शहर के अंदर से होते हुए निकले हैं। यहां से तीन मार्ग जाते हैं। लुटेरे किस ओर भागे हैं, यह आगे के कैमरों से पता लगेगा।
सदर कोतवाली के आवास विकास मोहल्ला निवासी पूर्व विधायक की पत्नी शशि सिंह 11 जुलाई की सुबह सुबह टहलने निकली थीं। बाइक सवार बदमाश उनकी गले से करीब दो लाख की चेन लूटकर भाग निकले थे। बदमाश पूर्व विधायक के आवास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। फुटेज के सहारे पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
लूट के बाद आवास विकास रोड पेट्रोल पंप के कैमरे दूसरी बार लुटेरे कैद हुए थे। पुलिस पंप की दोनों दिशाओं में जाने वाले रास्तों में लगे कैमरों को खंगालने में जुटी। कैमरों की जांच में सीओ सिटी कार्यालय की ओर बदमाशों के जाने का पता लगा। पुलिस कार्यालय के बाद आबूनगर रोड पर दोनों दिशाओं के कैमरे खंगाले।
आबूनगर चौकी की ओर बदमाश जाते दिखे। पुलिस ने बाकरगंज चौराहे पर चारों ओर के कैमरे देखे। वहां से पक्का तालाब भिटौरा रोड की ओर बदमाश जाते दिखे। एसओजी कैमरों की छानबीन करते गुरुवार को भिटौरा बाईपास चौराहे पर पहुंची। चौराहे से कानपुर व प्रयागराज हाईवे के अलावा भिटौरा मार्ग जाता है। बदमाश भिटौरा मार्ग की ओर घुसे हैं तो उनके हुसैनगंज थाना क्षेत्र के होने की आशंका है।
इसके पहले कहीं से मुड़ने पर बदमाशों के हाईवे पकड़ने की आशंका जताई है। भिटौरा रोड पर एसओजी टीम एक फैक्टरी के कैमरों की जांच को पहुंची है। इस तरह से टीम ने करीब 49 सीसीटीवी कैमरे अब तक खंगाल चुकी है। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि टीमें बदमाशों की जांच में जुटी है। जल्द ही सुराग लगेगा।