जिला पूर्ति विभाग की अनदेखी से उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। दिसंबर और जनवरी में फतेहपुर इंडेन और ललिता इंडेन गैस एजेंसियों में साढ़े आठ सौ ज्यादा सिलेंडरों की डिलीवरी पेंडिंग है।
समय से डिलीवरी न होने से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गुरुवार को अमरजई के रहने वाले मुकेश शुक्ला फतेहपुर इंडेन गैस एजेंसी में भटकते नजर आए। बताया कि 15 दिसंबर को बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक होम डिलीवरी नहीं हुई।
इसी प्रकार राधानगर के रहने वाले दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि 22 दिसंबर को रसोई गैस सिलेंडर बुकिंग कराया था लेकिन आज तक डिलीवरी नहीं हुई।
यहां आने पर बताया कि पर्ची लेकर गोदाम पहुंचने पर सिलेंडर मिलेगा। बताया कि एजेंसियों में रसोई गैस सिलेंडर के साथ खेल हो रहा है। डिलीवरी के दौरान डिलीवरी मैन मौके पर बिना सिलेंडर की तौल किए ही दे देते हैं।
ऐसे में सिलेंडर में कितनी गैस है इसकी भी जानकारी उपभोक्ता को नहीं हो पाती जबकि डिलीवरी मैन उससे निर्धारित मूल्य से अधिक दाम लेकर जेब में डाका डाल रहे हैं। अक्सर डिलीवरी मैन बिना तौले ही सिलेंडर दे देते हैं।
सूत्रों की माने तो सिलेंडर से एक से डेढ़ किलो तक गैस निकाल ली जाती है। जिले में फतेहपुर इंडेन गैस, ललिता इंडेन गैस, भारत गैस एजेंसी समेत 21 एजेंसियां है।
सभी एजेंसियों में करीब सवा लाख कनेक्शनधारक रसोई गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। सभी एजेंसियों में मिलाकर लगभग एक सैकड़ा से अधिक डिलीवरीमैन हैं जबकि सिलेंडर को तौलने के लिए स्प्रिंग बैलेंस पचास से भी कम है।
पहल योजना के अंतर्गत 23 जनवरी को फतेहपुर, खागा और बिंदकी तहसील में विशेष दिवस होगा जिसमें डीबीटीएल योजना के फार्म जमा किए जाएंगे। इसके अलावा सभी गैस एजेंसियों में फार्म जमा कराए जाने की सुविधा है।
जो उपभोक्ता डीबीटीएल योजना के फार्म पहल योजना के तहत जमा कर देते हैं तो उनको आनलाइन गैस बुकिंग कराने पर उनके बैंक खाते में 568 रुपये एडवांस सब्सिडी पहुंच जाती है।
डीएसओ ने बताया कि पहल दिवस को बैंक खाता खोलने के लिए बैंकों में एक अलग से काउंटर खोला जाएगा। यदि मार्च 2015 तक डीबीटीएल योजना के फार्म नहीं जमा किए तो उन्हे गैस सब्सिडी प्राप्त करने में असुविधा होगी।
‘गैस एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर सिलेंडर के डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। साथ ही डिलीवरी के दौरान ग्राहक को तौल कर सिलेंडर देने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।’
ओम प्रकाश, डीएसओ