प्रदेश के दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि दूध की शुद्धता के लिए जांच टीमें गठित कर ब्रांडेड दुग्ध उत्पादक कंपनियों के उत्पादों की जांच थोक व फुटकर बाजारों से सैंपल लेकर कराई जाएगी। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।
गुरुवार को नगरीय विकास समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय नेत्र शिविर के समापन पर वह पत्रकारों से मुखातिब थे। समापन मौके पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे मंत्री राममूर्ति वर्मा ने जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार गरीब तबके को हर संभव मदद पहुंचानी चाहती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर शासन की मंशा हर तरह से क्राइम के ग्राफ में अंकुश लगाने की है। इसके बावजूद घटनाएं नहीं रुक पा रही हैं। हालांकि शासन की ओर से कार्रवाइयां करने पर कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
समारोह में कानपुर सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी भी शामिल हुए। शिविर में कुल 173 मरीजों को आपरेशन के लिए चिह्नित किए गए।
कार्यक्रम में पहुंचे डीएम राकेश कुमार व एसपी विनोद कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। समिति के सचिव हाजी मोहम्मद रजा ने अतिथियों को आभार जताते हुए मरीजों के स्वास्थ्य की कामना की।
समिति के अध्यक्ष विनय तिवारी, दीपक कुमार डब्लू, प्रभात पटेल ने कैबिनेट मंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर भाजपा विधायक कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह अनिल, शहर काजी शहीदुल इस्लाम, सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसए नजाबत, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह, हाजी रफी अहमद, सुरेश शुक्ला, दुर्गापुरी बाल्मीकि, जागृति तिवारी, श्रवण कुमार गौड़ मौजूद थे।
नगरीय विकास समिति ने नेत्र शिविर में सहयोग के साथ राष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने वाले महर्षि विद्या मंदिर के पांच स्टूडेंट्स को सम्मानित किया। हरेक स्टूडेंट्स को 21-21 सौ रुपये का पुरुस्कार दिया गया।