चौडगरा। हत्या के मामले में 20 साल सजा काटने के बाद बाहर आए व्यक्ति ने रविवार रात एक युवक को गोली मार दी। गोली दाहिने हाथ के पंजे में लगी। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर दो लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के महरहा गांव निवासी रघुनाथ सोनकर उर्फ रघुनी (40) किसान है। वह रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे शौच के लिए निकला था। वह सड़क किनारे बैठा हुआ था तभी वहां से गांव के राकेश अवस्थी उर्फ सुल्ताना व सत्य प्रकाश दीक्षित नशे में धुत होकर निकले। राकेश अवस्थी की नजर, रघुनाथ सोनकर पर पड़ी
तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। रघुनाथ ने विरोध किया तो राकेश उर्फ सुल्ताना ने तमंचे से रघुनाथ पर गोली चला दी। गोली रघुनाथ के दाहिने हाथ के पंजे पर लगी और वह गिर गया। यह देख दोनों वहां से भाग निकले। रघुनाथ घर पहुंचा तो परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे कानपुर भेजा गया। सोमवार को रघुनाथ की पत्नी मनीषा थाने पहुंची और दोनों के खिलाफ तहरीर दी।
इंस्पेक्टर कल्यानपुर केशव वर्मा ने बताया कि राकेश अवस्थी व सत्यप्रकाश दीक्षित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच में दोनों के बीच किसी प्रकार की दुश्मनी की बात सामने नहीं आई है।
राकेश अवस्थी उर्फ सुल्ताना बिंदकी कोतवाली से वर्ष 2001 में हत्या के मामले में जेल गया था और उसे आजीवन कारावास हुई थी। 20 साल की सजा काटकर वह पिछले साल ही बाहर आया है। उसने बिंदकी कस्बे के छिपहटी मोहल्ले के एक व्यक्ति की हत्या की थी।