तालाब की खुदाई करते मनरेगा के मजदूर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। बारिश के पानी को संचयन करने के लिए प्रशासन ने तालाबों की खोदाई कराने का निर्णय लिया है। जलस्तर बढ़ाने के लिए कुल 128 नए तालाब खोदे जाएंगे। इसके लिए करीब आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। साथ ही इन तालाबों के किनारे पौधरोपण कराने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। सर्वाधिक तालाब भिटौरा ब्लाक में 14 और सबसे कम 07 तालाब देवर्म ब्लाक में खोदे जाएंगे।
मनरेगा से 128 गांव पंचायतें चयनित की गई हैं, इनमें एक-एक तालाब खोदने प्रस्ताव बनाया गया है। तालाब ऐसे स्थान पर खोदे जाएंगे, जहां बारिश का पानी आसानी से जा सके। तालाब खोदाई के बाद उन तक पानी पहुंचाने के लिए नालियां बनाई जाएंगी। इससे बारिश का पानी एकत्र होकर तालाब लबालब हो जाएगा। मानसून आने से पहले इन तालाबों को तैयार करने का काम किया जाएगा।
तालाबों की खुदाई के लिए वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी ले ली गई है। इससे खुदाई कराने में कोई अवरोध उत्पन्न नहीं हो सकेगा। पंचायत सचिव और रोजगार सेवक पर इन कार्यों को पूरा कराने की पूरी जिम्मेदारी रहेगी।
तालाबों की खुुदाई का काम अभियान के रूप में शुरू किया जाएगा। इन तालाबों की खुदाई मनरेगा से कराई जाएगी और गांव के मनरेगा मजदूरों को काम मिल जाएगा। तालाब खुदाई के लिए प्रस्तावित आठ करोड़ रुपये में लेबर खर्च भी शामिल है। सभी तालाबों की खुदाई के लिए वर्क आईडी जनरेट की जा चुकी है।
ऐरायां-- 11-- 65.15 लाख
अमौली-- 08-- 60.00 लाख
भिटौरा-- 14-- 1.03 करोड़
तेलियानी-- 09-- 45.00 लाख
हथगाम-- 13-- 72.00 लाख
खजुहा-- 08-- 42.00 लाख
धाता-- 09-- 82.00 लाख
बहुआ-- 11-- 78.00 लाख
देवमई-- 07-- 28.00 लाख
मलवां-- 09-- 70.00 लाख
हसवा-- 10-- 56.00 लाख
असोथर-- 09-- 32.00 लाख
विजयीपुर-- 10-- 55.00 लाख
बारिश के पानी का जल संरक्षण करने के उद्देश्य से तालाबों की खोदाई कराई जाएगी। 128 तालाब खुदाई कराने के लिए चिन्हित किए गए हैं। इनसे अवैध कब्जा भी हटवाया जा चुका है। खुदाई का काम इसी महीने में शुरू हो जाएगी।
-- सत्यप्रकाश, सीडीओ