खखरेरू थाना के पौली गांव खागा-दामपुर रोड पर शेखमीर बाबा की मजार के पास शुक्रवार को एचटी लाइन का जंपर जोड़ रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने तक उसका जला शव खंभे में लटका रहा। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके पर एसडीएम अमित भट्ट भी पहुंचे।
थाना क्षेत्र के तक्कीपुर गांव के मजरा लोधन की अड़ार निवासी मेवालाल के बेटे प्रकाश लोधी के साथ यह घटना हुई। परिजनों ने बताया कि प्रकाश ब्रेक डाउन लेकर निविदा कर्मचारी राकेश के कहने पर एचटी लाइन का जंपर जोड़ रहा था। देर होने पर आपूर्ति चालू हो गई, इससे वह लाइन में ही चिपक कर जल गया। शव खंभे में ही लटक गया।
सूचना पर मृतक के परिजन और गांव वालों ने आकर मुआवजे की मांग को लेकर शव को खंभे से उतारने नहीं दे रहे थे। काफी देर बाद एसडीएम के समझाने और मुआवजा का आश्वासन देने पर शव को नीचे उतारा गया। एसडीएम ने बताया कि निविदा कर्मचारी राकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वहीं एसडीओ आरबी मौर्या ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना की जांच के बाद मुआवजे की धनराशि दी जाएगी।