फतेहपुर। धर्मांतरण के आरोपी डॉ. जुनैद के अस्पताल में नोटिस चस्पा करने के बाद स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई करना भूल गया है। दरअसल अस्पताल में पर्दे पीछे धर्मांतरण का खेल करने वाला डॉ. जुनैद जेल में बंद है। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला था कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित था। जिस पर सीएमओ डॉ. राजेंद्र सिंह के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. एसके जौहरी की टीम ने अस्पताल पहुंचकर वहां नोटिस चस्पा कर दी थी।
सीएमओ ने बताया कि नोटिस चस्पा होने के तीन दिन तक यदि अस्पताल प्रबंधन से जवाब नहीं आता है तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को नोटिस चस्पा होने का तीसरा दिन भी बीत गया। मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में जब सीएमओ से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह अवकाश पर हैं। जबकि डिप्टी सीएमओ ने बताया कि विभागीय टीम आई हुई है, जिसकी वजह से व्यस्तता चल रही है। कार्रवाई हर हाल में की जाएगी।