बिंदकी (फतेहपुर)। बंदरों के झुंड के हमले से बचने की कोशिश में बुधवार को आचार्य तीसरी मंजिल से सड़क पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल आचार्य ने पीजीआई लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के पैगंबरपुर मोहल्ला निवासी रमाकांत तिवारी (70) आचार्य और पुरोहित थे। होमगार्ड कंपनी कमांडर एवं उनके छोटे भाई राजेश तिवारी ने बताया कि बुधवार दोपहर वह घर की तीसरी मंजिल पर रखी टंकी को देखने गए थे कि पानी भरा या नहीं। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
बंदरों से बचने के लिए वह रेलिंग की ओर भागे। इसी दौरान हड़बड़ाहट में उनके दोनों पैर आपस में फंस गए और वह तीसरी मंजिल से सीधे सड़क पर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया।
परिजन एंबुलेंस से उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। देर रात उनका शव घर पहुंचा। भाई ने बताया कि पिता का अंतिम संस्कार गंगा किनारे किया गया।