जाफरगंज (फतेहपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में बहत्तर घंटे पहले एक पड़ोसी ने किशोरी से दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान किशोरी की छोटी बहन के आ जाने से आरोपी ने उसे भी दबोचने का प्रयास किया। आरोपी किशोरी के पिता को मुंबई में काम दिलाने वाला ठेकेदार है।
घटना के बाद आरोपी मुंबई भाग गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल कराया है।
एक गांव निवासी निषाद बिरादरी का रामाधार उर्फ बदलू मुंबई में ठेकेदारी करता है। उसके ठेके पर पीड़ित किशोरी का पिता व भाई काम करते हैं।
रामाधार चार दिन पहले गांव आया था। गांव में किशोरी अपनी भाभी के साथ रहती है। किशोरी की भाभी का 13 फरवरी को मायके से बुलावा आ गया।
जिस पर वह उसी दिन बांदा के सबदहा गांव चली गई। घर में किशोरी और उसकी छोटी बहन थी। किशोरी के घर में अकेले होने का फायदा उठाते हुए ठेकेदार उसके घर पहुंचा।
उसने किशोरी को झांसे में लेते हुए पिता के कपड़े मंगाने की बात कही। वह कपड़े लेने घर के अंदर गई, तो वह पीछे घर में घुस कर गया और किशोरी को दबोच कर दुष्कर्म किया।
किशोरी की चीख पुकार सुनकर उसकी छोटी बहन उसे बचाने पहुंची, तो आरोपी ठेकेदार ने उसे भी दबोचने का प्रयास किया। वह भाग कर छत पर जा छिपी।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी घटना के बाद मुंबई भाग गया। तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा लिख गया है। जल्द आरोपी को पकड़ा जाएगा।