विकास गुप्ता की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
खागा। ट्रक की टक्कर से कार सवार गल्ला व्यापारी की ंमौत हो गई। कार सवार ब्यूटी पार्लर संचालिका व उसकी 12 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कार का चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने बताया कि व्यापारी का परिवार सोमवार तड़के कानपुर में भांजी की सगाई समारोह से लौट रहा था। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
खागा कस्बे के सुपर मार्केट निवासी गल्ला व्यवसायी विकास कुमार गुप्ता (45) पुत्र रामबाबू गुप्ता (चक्की वाले) नगर के प्रतिष्ठित कारोबारी थे। उनकी भांजी श्रेया की 22 मई को कानपुर में सगाई थी। पूरा परिवार कई गाड़ियों से रविवार को कानपुर गया था। रात करीब दो बजे परिवार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गाड़ियों से खागा लौट रहा था। किराए की स्कार्पियो कार में विकास गुप्ता, चालक अनिल उर्फ पप्पू निवासी बभनपुरवा मजरे ब्राहम्णपुर व ब्यूरी पार्लर संचालिका मंजू (40) पत्नी सतेंद्र व पुत्री काजल (12) सवार थे।
पीछे से आ रही अन्य गाड़ियों में व्यापारी का परिवार व रिश्तेदार थे। सुबह करीब चार बजे विकास की गाड़ी जब इस्कुरी मोड़ अन्नपूर्णा ढाबे के सामने पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। पीछे से आ रहे परिजनों ने हादसा देखा तो कांप गए।
स्थानीय लोगों ने ट्रक को हटवाकर सभी को बाहर निकाला। इस दौरान स्कार्पियो चालक अनिल उर्फ पप्पू घायल होने के बाद भी भाग निकला। हादसे में विकास गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मंजू व काजल घायल हो गई। उन्हें एम्बुलेंस से हरदो अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें फतेहपुर भेजा गया। हादसे से गल्ला व सराफा कारोबारियों में भी शोक व्याप्त है।