फतेहपुर। लखनऊ बाईपास में सोमवार को मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक ने मासूम की जान ले ली। दुर्घटनास्थल से कुछ दूर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग चल रही थी। चेकिंग से बचने के लिए चालक ट्रक लेकर गली में घुस रहा था और हादसा हो गया।
लखनऊ रोड पर नूरुलहुदा सीनियर सेकंड्री स्कूल के सामने ओवरलोड वाहनों की चेकिंग हो रही थी। कार्रवाई से बचने के लिए चालक ओवरलोड मौरंग लदा ट्रक लेकर गली में घुसने लगा। इसी दौरान दुकानदार जयकरन साहू का बेटा आर्यन (8) स्कूल जाने के लिए मां प्रीती साहू से पैसे लेकर पेंसिल खरीदने जा रहा था। छोटा भाई आरव (6) भी था। दुकान वाली गली में ट्रक घुसता देख बड़े भाई ने छोटे भाई आरव को वहीं पर रोक दिया और वह खुद दुकान जाने लगा। ट्रक पलटने से दबकर उसकी मौत हो गई। आरव भागते हुए मां के पास पहुंचा और घटना बताई। मां भागती हुए घर से आई। मां की चीख पुकार सुनकर भीड़ जमा हो गई और तीन घंटे बाद आर्यन का शव बाहर निकाला जा सका। पोस्टमार्टम हाउस में हर जुबान पर यह चर्चा रही कि ओवरलोडिंग की चेकिंग से बचने के चक्कर में यदि ट्रक गली में न घुसा होता तो बच्चे की जान न जाती। लोगों ने बताया कि चेकिंग से बचने के लिए अक्सर ओवरलोड वाहन चालक गलियों में वाहन खड़ी कर देते हैं। चेकिंग हट जाने पर लेकर आराम से निकल जाते हैं।