फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार की रात तेज रफ्तार बाइक सवार डिवाइडर से टकरा कर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहा वाहन तीनों को कुचलते हुए निकल गया। दुर्घटना में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीसरा दोस्त कानपुर हैलट में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसा थरियांव थाना क्षेत्र के हंसवा-बिलंदा के बीच निर्माणाधीन मोड़ पर रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।
हथगांव थाना क्षेत्र के कस्बे से श्यामबिहारी के बेटे महेश की बारात शनिवार को शहर के शांतिनगर इलाके में आई थी। बारात में शामिल होने हथगाम के वार्ड नंबर दो इंद्रानगर कालोनी निवासी रामविशाल गौतम का बेटा रोहित उर्फ शिव बहादुर (22) अपने चचेरे भाई विकास (20) पुत्र मुन्ना गौतम निवासी मीरपारा, हथगाम और पड़ोसी अजय गौतम (21) पुत्र कल्लू गौतम के साथ आए थे। शादी समारोह से रात को घर लौट रहे थे। बाइक अजय चला रहा था। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार तेज रफ्तार में रहे होंगे। हंसवा डायवर्जन पर बाइक सवार डवाइडर से जा
टकराए। पीछे से आए किसी वाहन ने तीनों को कुचल दिया। हादसे में मौके पर रोहित की मौत हो गई। विकास और अजय को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। कानपुर में विकास की सांसें थम गई। परिजनों के मुताबिक अजय हैलट में कोमा में हैं। घटनास्थल पर दुर्घटना करने वाले वाहन की लाइट की जाली पड़ी हुई मिली है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाला वाहन डीसीएम या फिर ट्रक होने का अंदेशा जताया है। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। थानेदार संतोष शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला।