किशनपुर (फतेहपुर)। मझिगवां खदान से ओवरलोड मौरंग लेकर जा रहा ट्रैक्टर शनिवार शाम किसान के घर में जा घुसा। बरामदे में सो रहे किसान की कुचल कर मौत हो गई। हादसे से भगदड़ मच गई। भीड़ ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को गिरफ्तार किया। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के इटोलीपुर निवासी फूलचंद्र सिंह (58) घर के बरामदे में सो रहे थे। खदान से मौरंग लदा ट्रैक्टर इटोलीपुर गांव पहुंचा। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर को देखकर लोग हटने-बचने की चीख पुकार मचाने लगे। किसान फूलचंद्र नींद में होने के कारण सोते रहे। बेकाबू ट्रैक्टर बरामदे में चढ़ गया। जिसकी फूलचंद्र चपेट में आ गए। ट्रैक्टर की टक्कर से घर की एक दीवार ढह गई। परिवार की कुछ महिलाएं अंदर थी। वह
धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकली। हादसा देखकर अवाक रह गई। परिवार के बाकी लोग हादसे के समय खेत में थे। भीड़ ने रामपुर गांव निवासी सुरेंद्र ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। बवाल की सूचना पर पुलिस पहुंची। किसान के पांच बेटे और छह बेटियां हैं। बड़ा बेटा उमेश गांव में रहता है। बाकी सब बाहर कमाते हैं। घटना से पत्नी श्यामकली बदहवास हो गई। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।