फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में दो की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
हुसैनगंज थानाक्षेत्र के जमुआ गांव निवासी सूरज पुक्ष संतोष अपने रिश्तेदार की शादी में मलवां थानाक्षेत्र के भदवा गांव गया था। मंगलवार दोपहर सूरज गांव के ही शिव कुमार (18) पुत्र पितांबर को लेकर बाइक से घर जा रहा था। बाइक सवारों को जोनिहां रोड पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में सूरज की मौत हो गई और शिवकुमार घायल हो गया। सूचना पर मौके में पहुंची एंबुलेंस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है। वाहन के बारे में जानकारी की जा रही है।
उधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड पर मंगलवार दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 30 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने शव को मर्च्युरी भेजा है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
हादसों में महिला समेत दो घायल
अलग-अलग हादसों में दो लोग घायल हो गए। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रजीपुर गांव निवासी सरवर की 28 वर्षीय पत्नी सुधा रिश्तेदार के साथ बाइक से मलवां जा रही थी। बाइक मलवां थाने के चक्की पुल के समीप पहुंची, तभी कार की टक्कर लगने से वह गिरकर घायल हो गई। उधर, खागा कोतवाली क्षेत्र के निवासी लल्लू (40) बाइक से हरदो गए थे। गांव आते समय अखोरिया मोड़ के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। लल्लू हेलमेट नहीं लगाए थे।