हुसैनगंज (फतेहपुर)। लोडर की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में लोडर सवार दूल्हे का भाई समेत तीन लोग भी घायल हुए हैं। लोडर बरात विदा कराकर लौट रहा था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना क्षेत्र के जमरावां गांव निवासी पवन मौर्या (33) गुरुवार को पत्नी माया देवी का इलाज कराने फतेहपुर आए थे। यहां से दोपहर करीब तीन बजे घर लौट रहे थे। बाइक सवार दंपती हुसैनगंज के देवरी मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि उनके आगे रायबरेली की ओर जा रहे लोडर और सामने से आ रहे ट्रक में भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद ट्रक पेड़ से जा टकराया, जबकि लोडर घूमकर पवन की बाइक से टकरा गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने पवन को मृत घोषित कर दिया। माया देवी को भर्ती किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
वहीं लोडर सवार रायबरेली जिला सरैनी थाना क्षेत्र के बढइनपुरवा निवासी रामअवध (28), धीरज (26), सदर कोतवाली के राधानगर निवासी जय प्रकाश (40) घायल हुए। लोडर सवार सरैनी थाने पूरे विश्वनाथ सिंह गांव के पवन शर्मा की बरात लेकर गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में कल्लू शर्मा के घर आए थे।
विदाई के बाद दूल्हे का छोटा भाई धीरज शर्मा, रिश्तेदार राम अवध और चालक जयप्रकाश के साथ लोडर में दहेज का सामान लेकर लौट रहा था। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि हादसेे की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे में जान गवांने वाला बाइक सवार पवन किसान थे। हादसे की खबर से मां रानी देवी और बच्चों का हाल बेहाल हो गया। पवन अपने पीछे बेटी अंकिता (12), प्रिया (8), बेटा अर्पित (5) छोड़ गए हैं। मृतक पांच भाई राजकुमार, शिवकुमार, विनोद और मनोज में तीसरे नंबर का था।