मोनू रैदास की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। गाजीपुर थानाक्षेत्र के चुरियानी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों रिश्ते में ममेरे भाई थे और रिश्तेदारी से लौट रहे थे। पुलिस को घटनास्थल से कोई हेलमेट भी नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला है, उसकी तलाश की जा रही है।
मलवां थानाक्षेत्र के काकाबैरी के मजरे मर्दनपुर निवासी जय प्रकाश उर्फ मोनू रैदास (30) राजगीर था। वह गाजीपुर निवासी ममेरे भाई विक्रम के साथ मौसा महेश की बेटी की गोदभराई में शाखा गांव शामिल होने गया था। शाखा से रविवार रात बाइक से लौटते वक्त चुरियानी के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में जोर की टक्कर मार दी।
इससे मोनू और विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। विक्रम को कानपुर हैलट रेफर किया गया।
मृतक के भाई गोविंद ने बताया कि मोनू चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता रामनरेश की चार माह पहले बीमारी से मौत हुई थी।
मोनू की पत्नी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। मोनू के तीन साल का बेटा राज और एक साल की बेटी पल्लवी भी है। थानाध्यक्ष आनंद पाल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।