हुसैनगंज। असनी से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 30 घायल हो गए। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा फतेहपुर-रायबरेली मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ।
थानाक्षेत्र के हैबतपुर गांव में ग्रामीणों ने ग्राम देवता की पूजा अर्चना का कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम के बाद करीब 100 ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली से असनी गंगा घाट स्नान करने गए थे। लौटते समय हुसैनगंज के चंदीपुर और सहनीपुर गांव के बीच फतेहपुर-रायबरेली मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली गड्ढे की चपेट में आकर अनियंत्रित हो गई और खाई में चली गई। पीपल के पेड़ से टकराने के बाद ट्राली तो पलटने से बच गई लेकिन ट्रैक्टर पलट गया।
ट्राली सवार महिलाएं और पुरुष एक दूसरे से टकरा गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा देखकर पीछे आ रहे गांव के लोग रुके और ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हैबतपुर के अमर सिंह (50) की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, गंभीर घायल चंदा देवी (14) पुत्री रामरूप, जिलेश कुमार (17) पुत्र चंद्रभूषण, रोशनी (13) पुत्री राम गुलाम, दिनेश (22) पुत्र मिश्रीलाल, भवनमती (28) पत्नी बाबूलाल, सुनीता देवी (25), महाबीर (45), शिव देवी (35), भिखनी (60), महादेव (50), सत्यम (23), महेंद्र (26), शत्रुघ्न (28) को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में करीब 30 लोगों को चोटें आई हैं।
इनमें 15 की हालत गंभीर बताई गई है। थानाध्यक्ष रणधीर बहादुर सिंह ने बताया गड्ढे के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटा है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
पीपल के पेड़ ने बचाई कई लोगों की जान
हैबतपुर गांव के कई ग्रामीणों की जान पीपल के पेड़ की वजह से बची। हादसे के दौरान ट्रैक्टर पलट गया था, लेकिन ट्राली को पीपल का पेड़ का सहारा मिल गया। जिससे ट्राली पलटने से बच गई और ट्राली में सवार कई लोग धक्का-मुक्की और टकराने से सिर्फ चुटहिल हुए। ट्राली पलटने से कई लोग दब सकते थे।
ओवरलोड ट्रकों के गुजरने से हाईवे पर हुए गड्ढे
मार्ग पर चार से पांच फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढे ओवरलोड गिट्टी और मौरंग के ट्रकों के गुजरने से हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया करीब छह माह पहले रोड पर गड्ढे नहीं थे। पिछले कुछ महीनों में मौरंग और गिट्टी की ओवरलोड वाहनों के वजह से पूरा मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है।