औंग। बाइक से घर लौट रहे ट्रांसपोर्टर को शुक्रवार रात किसी वाहन ने टक्कर मारी और रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को खबर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
औंग थानाक्षेत्र के गोधरौली गांव के सामने कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार रात राहगीरों ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति की हादसे में मौत हो गई है। खबर मिलने पर इंस्पेक्टर अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और मोबाइल के जरिए शव की पहचान कराई। युवक की पहचान उमेश तिवारी (36) निवासी महरहा थाना कल्यानपुर, हाल पता जगदीश धाम बिंदकी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को खबर दी तो कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि उमेश तिवारी कानपुर में ट्रांसपोर्ट का काम करते थे और शुक्रवार को काम खत्म करके बाइक से बिंदकी लौट रहे थे। घर में पत्नी विजय लक्ष्मी तिवारी, तीन साल की बेटी आस्या व तीन महीने की बेटी अवनी है। प्रभारी निरीक्षक औंग अनूप सिंह ने बताया कि बाइक सवार उमेश तिवारी ने हेलमेट लगा रखा था। हादसे के दौरान गिरने पर उनका हेलमेट निकल गया। तभी वाहन उनके सिर से होकर निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।