फतेहपुर। बाइकों की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए मुनीम की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही तीमारदारों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और संविदा कर्मी पर ऑपरेशन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। गुस्साए लोगों ने संविदा कर्मी की पिटाई भी कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद मामले को शांत करा सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सथरियांव राधानगर निवासी यदुनंदन मौर्य (59) सब्जी आढ़त में मुनीम का काम करते थे। वह बाइक से दवा लेने सुबह छिवलहा कस्बा जा रहे थे। थरियांव क्षेत्र के बिलंदा के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत में यदुनंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसकी जानकारी जैसे ही उनके परिजनों को हुई तो हंगामा शुरू कर दिया। ऑपरेशन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर एक संविदा कर्मी की पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि डॉक्टर के इशारे पर संविदा कर्मी ने साढ़े 12 हजार रुपये मांगे। ऑपरेशन थिएटर में करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। यदुनंदन के बेटे अमित ने बताया कि पहले काफी देर तक पिता को इमरजेंसी में रखा गया। यहां कोई इलाज नहीं हुआ।
साढ़े 12 हजार रुपये की बात तय होने पर बाद ऑपरेशन को लेकर गए थे। जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। कोतवाल सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। मामले को शांत कराया। कोतवाल ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी। सीएमएस डॉ. प्रभाकर में बताया कि मामले की जांच की जाएगी।