फतेहपुर। सड़क हादसे में शनिवार रात ड्यूटी से घर जा रहे होमगार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। होमगार्ड हेलमेट लगाए हुए था।
थरियांव थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी गया प्रसाद का बेटा रामसिया (45) होमगार्ड था। वह सदर कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल की ड्यूटी पर तैनात था। शनिवार रात वह बाइक से ड्यूटी के बाद घर जा रहा था।
हाईवे पर सुल्तानगर के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा देखकर भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान शंकरपुर गांव के कुछ लोग शहर से मजदूरी कर लौट रहे थे।
उन्होंने होमगार्ड को पहचान लिया और उसके परिजनों को खबर दी। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल भेजा। इधर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो डाक्टर ने होमगार्ड की हालत गंभीर बता उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया।
परिजन होमगार्ड को लेकर कानपुर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पति की मौत के बाद पत्नी सावित्री बेहाल हो गई। मृतक के दो बेटे राहुल, दीपक और एक शादीशुदा बेटी कृष्णा है।
होमगार्ड कमांडेंड अर्जुन प्रसाद ने बताया कि होमगार्ड के परिवार को विभाग से हर संभव मदद मिलेगी। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
वैन की टक्कर से किसान की मौत, बाइक सवार दो घायल
सहिली। तेज रफ्तार वैन ने सड़क किनारे खड़े किसान को शनिवार देर शाम टक्कर मार दी। इसके बाद भागे वैन चालक ने बाइक सवारों को भी टक्कर मार दी। हादसे की किसान की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दोनों घायल हुए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मुचुवापुर गांव निवासी रामरतन पासवान (65) शनिवार शाम को खेत से घर लौट रहे थे। वह गुटखा खाने के लिए रोड किनारे गुमटी पर खड़े थे। इस दौरान जोनिहां से जयरामनगर की ओर जा रही वैन ने किसान रामरतन को टक्कर मार दी।
इसके बाद चालक वैन लेकर भाग निकला। वैन ने आगे जाकर बाइक से जा रहे दीपू निवासी बेनीपुर मलवां, प्रताप निवासी मकनपुर अस्ता को टक्कर मार दी।
तीनों घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां रामरतन की रात को मौत हो गई। चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि हादसा करने वाली वैन की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।