कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शिक्षक की छेड़खानी से आहत एक छात्रा ने आग लगा ली। परिजन गंभीर हालत होने पर उसे कानपुर ले गए। जहां उसकी हालत में भी सुधार नहीं आ सका है। परिजनों ने रविवार दोपहर थाने में तहरीर दी। सीओ बिंदकी और थानेदार मौके पर पहुंचे। घटना की जांच के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस ने छापेमारी शुरू की है। पुलिस की एक टीम छात्रा के बयान लेने कानपुर हैलट रवाना हुई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा चौडगरा कस्बे में कोचिंग संचालक श्यामू तिवारी की कोचिंग में काफी दिनों से पढ़ने जाती है। परिवार का आरोप है कि छात्रा 17 मई की शाम बाग में बेल तोड़ने गई थी। यहां कोचिंग संचालक भी पहुंच गया था। उसने छात्रा को देखकर हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर ग्रामीण पहुंचे।
ग्रामीणों को देखकर आरोपी शिक्षक भाग निकला। मामला घरवालों तक पहुंचा। छात्रा ने आपबीती परिजनों को बताई। परिजन लोक लाज के डर से खामोश होकर बैठ गए। छात्रा खुद के साथ हुई घटना से आहत रहने लगी। उसने अवसाद में 19 मई की शाम केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिजनों ने आग पर काबू पाया। काफी झुलसा देखकर उसे कानपुर लेकर चले गए।
पिता ने बताया शिक्षक बेटी को पहले भी तंग करता था। बेटी ने कभी नहीं बताया था। इलाज कराने की वजह से वह थाने में तहरीर देने नहीं आ सके थे। सीओ बिंदकी योगेंद्र मलिक और थानेदार विनोद कुमार घटनास्थल की जांच को पहुंचे। चौडगरा चौकी इंचार्ज देवी दयाल वर्मा को कानपुर पीड़िता के बयान लेने के लिए भेजा गया।
थानेदार ने बताया आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है।
आरोपी इब्राहिमपुर गांव का आरोपी शिक्षक मूल रूप से कल्याणपुर थाने के इब्राहिमपुर गांव निवासी है। तीन दशक पहले चौडगरा में मकान बनवा कर पिता रहने लगे थे। यह घर में ही कोचिंग भी संचालित करता है।