फतेहपुर। जिले में शनिवार को भी ट्रेनों से प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी रहा। तीन ट्रेनों से शाम तक करीब 2000 प्रवासी आ चुके थे। मुंबई से प्रवासियों को लेकर आने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन बहुत विलंब से आई। इसे शुक्रवार को ही आना था, लेकिन शनिवार को सुबह 10:45 बजे पहुंची।
मुंबई के ठाणे रेलवे स्टेशन से 20 मई की रात 1:00 बजे यह ट्रेन चली थी। लंबा इंतजार कराने के बाद शनिवार को प्लेटफार्म नंबर एक पर आई। केवल 76 यात्री उतरे। उनमें फतेहपुर का कोई भी नहीं था। हालांकि ट्रेन रुकते ही प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आ गई।
एसडीएम प्रमोद झा और सीओ कपिल देव मिश्र की निगरानी में एसीएमओ डॉ संजय कुमार, डॉ एके श्रीवास्तव, डॉ नदीम, डॉ अनुराग की टीम ने हैंडवाश से लेकर थर्मल स्क्रीनिंग तक कराई। 15 मिनट के अंदर ही ट्रेन खाली हो गई। यह 1400 प्रवासियों को लेकर चली थी।
ज्यादातर लोग प्रयागराज और खागा में ही उतर गए। यहां ट्रेन से देवरिया, कुशीनगर, बहराइच, उरई, एटा, गोरखपुर, बदायूं, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर शिकोहाबाद, गोंडा, उन्नाव, कानपुर के प्रवासी मजदूर उतरे।
इन सभी को एआरएम माखनलाल केसरवानी की टीम ने बसों से गंतव्य के लिए भेजा। इस मौके पर रेलवे के एसएस आरके सिंह सीएमआई अमित वर्मा रोडवेज के अभिषेक कुमार भी मौजूद रहे।