फाइल फोटो-44-संदीप सिंह। स्रोत परिजन
असोथर। थाना क्षेत्र के बुद्दी सिंह का डेरा मजरे सरकंडी गांव निवासी संदीप सिंह (25) की गुजरात के सूरत शहर में चाकुओं और तलवार से हत्या कर दी गई। रविवार को शव गांव पहुंचने पर मातम छा गया।
परिजन ने बताया कि संदीप सिंह पुणे में एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता था। वह तीन सितंबर को छोटे भाई विवेक सिंह के साथ सूरत अपने चाचा भोला सिंह और संतोष सिंह से मिलने शाम को निकला था। दूसरे दिन चार सितंबर को सूरत में उसकी हत्या कर दी गई।
विवेक ने परिजनों को बताया कि वह और संदीप अपने चाचा की दुकान पर पहुंचे थे। वहां चाचा के नहीं मिलने पर दोनों कुछ देर दुकान पर बैठे रहे। इसी दौरान वह बाल कटवाने चला गया। लौटने पर देखा कि भाई दुकान पर मौजूद नहीं है।
कुछ दूर कमला चौक के पास गली में भीड़ जुटी थी। जहां पता लगा कि गार्ड पर आठ से 10 लोगों ने चाकुओं और तलवार से हमला किया। पिता लाला सिंह ने बताया कि गांव में पुराना भूमि विवाद चला आ रहा है। गांव के ही कुछ लोग सूरत में रहते हैं। उन लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने शव का रविवार दोपहर में अंतिम संस्कार किया है।