फतेहपुर। खेत बेचने का झांसा देकर महिला से 3.23 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर शिवनगर कॉलोनी निवासी अक्षय पाल की पत्नी सुनीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मदारीपुर कला निवासी धर्म सिंह ने खेत बेचने की बात कही थी। इसके बाद उसने आठ जुलाई से 13 दिसंबर 2024 के बीच अलग-अलग समय में ऑनलाइन माध्यम से कुल 3.23 लाख रुपये ले लिए।
रुपये लेने के बाद आरोपी बैनामा करने में टालमटोल करने लगा और न तो खेत पर कब्जा दिया और न ही रुपये वापस किए। बाद में उसने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। पीड़िता के पास ऑनलाइन भुगतान का स्टेटमेंट भी मौजूद है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।