जहानाबाद। नगर पंचायत ने स्थायी रूप से खराब हो चुके नलकूप नंबर एक के स्थान पर नया नलकूप स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित कर ली है। राम तलाई रोड पर सोसायटी के समीप चयनित स्थल पर शीघ्र ही बोरिंग कार्य शुरू होगा। इसके पूरा होते ही कस्बे के लोगों को सुबह और शाम दोनों समय नियमित जलापूर्ति मिलने लगेगी।
कस्बे की जल व्यवस्था ओवरहेड टैंक से संचालित होती है। इसकी लोडिंग दो नलकूपों से की जाती थी। करीब पांच माह पहले नलकूप नंबर एक स्थायी रूप से खराब हो गया। इसके बाद पूरा भार नलकूप नंबर दो पर आ गया।
एकमात्र नलकूप से टैंक भरने में 20 घंटे से अधिक समय लग रहा है। इससे फिलहाल केवल सुबह के समय ही पानी की आपूर्ति हो पा रही है। सर्दियों में खपत कम होने से स्थिति संभली रही लेकिन गर्मी की शुरुआत के साथ पानी की मांग बढ़ गई है। ऐसे में एक समय की जलापूर्ति पर्याप्त नहीं रह गई है।
अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि नए नलकूप के निर्माण संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही बोरिंग शुरू कर दी जाएगी। नया नलकूप चालू होने के बाद कस्बे में नियमित रूप से दोनों समय जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।